जौनपुर में महिला ने 3 बच्चों को दिया जन्म
संकल्प सवेरा। जौनपुर पहली बार गर्भधारण करने वाली एक महिला ने एक निजी अस्पताल में बिना ऑपरेशन के एक साथ तीन बच्चों को जन्म दिया है। प्रसव के बाद जच्चा और तीनों बच्चे (बालक) पूरी तरह स्वस्थ बताए जा रहे हैं।
क्षेत्र के हरीगांव ग्राम सभा के शिव लाल पाठक की पत्नी अर्चना पाठक (24) जब पहली बार गर्भ धारण किया तो तीन महीने तक उसे कोई दिक्कत नहीं हुई। इसके बाद कुछ दिक्कत होने पर फरवरी 24 में वह क्षेत्र के गोनापर स्थित शुभम हॉस्पिटल की महिला व प्रसूति विशेषज्ञ से मिली और उनकी निगरानी में ही पूरे नौ माह बिताए।
गुरुवार को उसने सामान्य प्रसव प्रक्रिया में एक के बाद एक तीन बच्चों को जन्म दिया। यह खबर सुनकर अर्चना के घर पर गीत गवनई प्रारम्भ हो गई। तीन बच्चों का अपने तरह का सामान्य प्रसव क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। बच्चे देखने के लिए आसपास के लोग अस्पताल पहुच रहे थे। इस तरह सफल प्रसव होने पर दंपती ने ईश्वर व डॉक्टर को धन्यवाद दिया है।
शुभम हॉस्पिटल की महिला चिकित्सक डॉ बबिता सिंह ने बताया कि अर्चना की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं है। जांच में ब्लड ग्रुप बी निगेटिव आने और गर्भ में तीन बच्चे पलने की सूचना पर वह घबरा गई थी।
किसी बड़े नर्सिंग होम में जाकर इलाज कराने में असमर्थता जताने पर उन्होंने उसे दिलासा देते हुए खुद इलाज कर प्रसव कराने का आश्वासन दिया। अंततः ईश्वर की कृपा से उसने तीन बच्चों को जन्म दिया, जिनका वजन क्रमशः 1 किलो, 1 किलो और 1.5 किलो है। प्रसव के बाद महिला व बच्चे पूर्णतः स्वस्थ हैं। किसी भी असामान्य स्थिति से बचने के लिए उसे नगर के एक बाल रोग विशेषज्ञ के यहां चेकअप के लिए भेज दिया, जहां उसकी स्थिति सामान्य है।













