पत्रकार निष्पक्ष होकर उजागर करें समस्याएं: शशिमोहन सिंह
पत्रकार में सरकार बनाने और गिराने की क्षमता: वीपी सरोज
पत्रकारों ने किया होली मिलन समारोह का आयोजन

जौनपुर,संकल्प सवेरा। जौनपुर पत्रकार संघ की तहसील मछलीशहर इकाई द्वारा होली मिलन समारोह को संबोधित करते हुए संघ के अध्यक्ष शशिमोहन सिंह क्षेम ने कहाकि पत्रकार आम जनता की आवाज बुलंद करता है। वह सरकार और जनता के बीच मजबूत कड़ी है।
लोकतंत्र के चैथे स्तंभ के रूप में पत्रकारों की बड़ी जिम्मेदारी होती है। उसे निष्पक्ष होकर जनता की समस्याओं को उजागर करना चाहिये। समारोह की अध्यक्षता करते हुए सांसद वीपी सरोज ने कहाकि पत्रकार समाज का आईना है, सजग प्रहरी है। उन्होंने कहाकि पत्रकार लोकतंत्र का वह मजबूत स्तंभ है जो सरकारों को गिराने व बनाने में सक्षम होता है। उन्होंने कहाकि होली सामाजिक समरसता व प्रेम सौहार्द का प्रतीक है। मछलीशहर तहसील इकाई के अध्यक्ष अनिल पांडेय, उपाध्यक्ष मनोज तिवारी,
महामंत्री आनंद सिंह ने अतिथियों को पुष्प गुच्छ व अंग वस्त्रम देकर सम्मानित किया। संघ के संरक्षक पत्रकार जेएन ओझा ने आगन्तुकों के प्रति आभार ज्ञापित किया। कार्यक्रम में पेट्रोलियम एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह सफायर, राजेश मौर्या, बेहोश जौनपुरी, ओमप्रकाश सिंह, जौनपुर पत्रकार संघ के उपाध्यक्ष वीरेन्द्र मिश्र विराट समेत समस्त पत्रकारों को अंगवस्त्रम् देकर सम्मानित किया गया। संचालन शरद सिंह ने किया।












