रेलवे ट्रैक पर रील बनाते समय ट्रेन की चपेट में आने से दो छात्रों की मौत
संकल्प सवेरा,जौनपुर में बीती रात रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आने से सिकरारा क्षेत्र के दो छात्रों की मौत हो गई। जबकि एक छात्र अस्पताल में मौत से जंग लड़ रहा है। एक साथ दो युवकों की मौत से रविवार को दो गांवों में चूल्हे नहीं जले

जौनपुर जिले में बीती रात रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आने से दो छात्रों की मौत हो गई। जबकि एक छात्र अस्पताल में मौत से जंग लड़ रहा है। तीनों रात में रेलवे ट्रैक पर क्या कर रहे थे, इसके बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं है। हालांकि, कुछ प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि तीनों रेलवे ट्रैक पर घूम-घूम कर वीडियो और रील बना रहे थे। इधर, इस हादसे से सिकरारा क्षेत्र के दो गांवों हसनपुर और बेलगहन में मातमी सन्नाटा पसरा है। वहीं घायल हसनपुर का एक छात्र बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में जिंदगी की जंग जीतने के लिए संघर्ष कर रहा है
हादसा बीती रात करीब साढ़े नौ बजे वाराणसी-सुल्तानपुर रेल मार्ग पर भूपतिपट्टी रेलवे क्रासिंग के पास हुआ था। पुलिस के मुताबिक, हसनपुर निवासी कीर्तिमान मिश्र (19) व प्रतीक मिश्र और बेलगहन निवासी निर्मल यादव (19) जौनपुर में किराये की मकान लेकर रहते थे। तीनों रात में वाराणसी-सुल्तानपुर रेल मार्ग पर भूपतिपट्टी क्रॉसिंग के पास रेलवे ट्रैक पर टहल रहे थे और वीडियो बना रहे थे
इसी दौरान तीनों दिल्ली की ओर जा रही महामना एक्सप्रेस की चपेट में आ गए। घटनास्थल पर ही कीर्तिमान और निर्मल की मौत हो गई। जबकि प्रतीक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना से पीड़ित परिवारों में कोहराम मच गया। एक साथ दो युवकों की मौत से रविवार को दो गांवों में चूल्हे नहीं जले













