सपा कार्यकर्ताओं का हुआ उत्पीड़न तो जलेगी भाजपा की लंका : शिवपाल यादव
बलिया,संकल्प सवेरा। विधायक व पूर्व मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि भाजपा के राज में कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न नहीं रुका तो भाजपा की लंका जलेगी और सपा सड़कों पर संघर्ष करेगी। उन्होंने कहा कि सभी समाजवादी लोगों को एक मंच पर लाने की कवायद चल रही है। पूर्व मंत्री और विधायक बुधवार को शहर से सटे होटल में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
सपा विधायक ने कहा कि कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न अब सपा बर्दाश्त नहीं करेगी और इसके खिलाफ जेल भरो आंदोलन किया जाएगा। इसके लिए समाजवादी विचारधारा के समान दलों और लोगों को जोड़ने की के साथ-साथ संगठन के विस्तार का काम भी शुरू हो गया है। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा पर टिप्पणी करने से बचते हुए शिवपाल ने कहा कि सपा का उद्देश्य भाजपा को हराना है भारत जोड़ो यात्रा की हमारी शुभकामना है।
पूर्व मंत्री ने सुभासपा के साथ भविष्य के गठबंधन और बसपा के साथ 2024 के लोकसभा चुनाव लड़ने की बात पर कोई टिप्पणी नहीं की। उन्होंने कहा कि समय आने पर इस पर निर्णय लिया जाएगा। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के तेलंगाना दौरे पर भी शिवपाल सीधे-सीधे कुछ कहने से बचते बचते रहे। शिवपाल ने कहा कि भाजपा के राज में थाने से लेकर तहसील तक चारों ओर भ्रष्टाचार का बोलबाला है। ईडी व सीबीआई से डरने के सवाल को भी टाल गए।