संकल्प सवेरा।जौनपुर में पिता ने दो मासूमों की हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि पिता बेटी और बेटा को कुएं में फेंककर काम पर चला गया। घर पर न दिखने पर मां ने बच्चों की खोजबीन शुरू की, लेकिन वो नहीं मिले। काम से लौटने पर मां ने जब पिता ने पूछा तो उसने बताया कि उसने दोनों बच्चों को कुएं में फेंक दिया।
इसकी सूचना पर आसपास लोगों की भीड़ जुट गई। कुएं में खोजबीन कर दोनों बच्चों के शव निकाले गए। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया। उससे पूछताछ की जा रही है। युवक मानसिक रूप से विक्षिप्त बताया जा रहा है।
जफराबाद थानाक्षेत्र के निवासी इरफान ने अपने दो बच्चों शायरा (7) और अरमान (5) को कुएं में फेंक दिया। इसके बाद वह काम पर निकल गया। पिता पास के बाजार में चलनी बनाने का काम करता है। बच्चों के घर पर न मिलने पर पत्नी ने काफी देर तक बच्चों की खोजबीन की। लेकिन वो नहीं मिले। 4 घंटे बाद जब पिता काम से लौटा तो मां ने उसे बच्चों के बारे में बताया।
मां ने कहा कि बच्चे दोपहर से नहीं मिल रहे हैं। पिता ने बताया कि उसने बच्चों को कुएं में फेंक दिया है। जैसे ही उसने ये बताया आसपास के लोगों के होश उड़ गए। आनन फानन में लोग कुएं की तरफ दौड़ पड़े। बगल के घर में रिश्तेदारी में आए कन्हैयालाल निषाद किसी तरह रस्सी के सहारे कुएं में उतरे। कुए में उतरने के बाद किसी तरह उन्होंने दोनों बच्चों को बाहर निकाला। बच्चों की नब्ज़ टटोली गयी तो दोनों बच्चों की मौत हो गयी थी। दो बच्चों की मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है। साभार दैनिक भास्कर न्यूज पोर्टल।












