रिमांड पर लिए गये आरोपित की निशानदेही पर तमंचा बरामद
खुटहन ( जौनपुर)संकल्प सवेरा। पुलिस से बचकर सप्ताह पूर्व न्यायालय में आत्मसमर्पण करने वाले हत्या के प्रयास के आरोपित को पुलिस ने रिमांड पर लेकर उसकी निशानदेही पर अवैध तमंचा बरामद कर आरोपित को पुनः न्यायालय के सुपुर्द कर दिया।
बेसहूपुर गांव में 2 फरवरी 2021 को भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों में हुई मारपीट के दौरान एक पक्ष के सभाशंकर तिवारी पर आरोप था कि उनके द्वारा अवैध तमंचा से किए गए फायर में दूसरे पक्ष के श्रीचंद्र तिवारी की पुत्री कविता गंभीर रूप से घायल हो गई थी। मामले में पुलिस हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया था। तभी से मुख्य आरोपित सभाशंकर फरार चल रहा था। पुलिस के दबाव से उसने एक सप्ताह पूर्व न्यालय में आत्मसमर्पण कर दिया था। जिसे रिमांड पर लेकर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त तमंचा बरामद करने का दावा किया है।












