संकल्प सवेरा जौनपुर स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) चुनाव की घोषणा कर दी गई है। इसे लिए 4 फरवरी को नामांकन की प्रक्रिया जिलाधिकारी कोर्ट में शुरू होगी, जो 11 फरवरी तक चलेगी। इसे लेकर अब सभी दल प्रत्याशियों के चयन को लेकर मंथन करने में जुटे हुए हैं। मौजूदा एमएलसी ब्रृजेश सिंह प्रिंसू के अलावा अभी दूसरा नाम आधिकारिक रुप से सामने नहीं आया है, जो इस चुनाव में नामांकन करेंगे। हालांकि समाजवादी पार्टी से सात और भाजपा से चार नामों पर विचार चल रहा है। जबकि कांग्रेस और बसपा शीर्ष नेतृत्व के दिशा-निर्देश का इंतजार कर रहे हैं। एमएलसी चुनाव का मतदान जिले में पहले चरण में तीन मार्च को होगा। इसके लिए जिले के सभी 21 ब्लाक व जिला मुख्यालय पर मतदान केंद्र बनाया जाएगा। मतगणना 12 मार्च को होगी।
इस बार का एमएलसी चुनाव आठ माह की देरी से हो रहा है। एमएलसी चुनाव में सांसद से लेकर ग्राम प्रधान तक मतदाता होते हैं। इसमें दो सांसद, नौ निवर्तमान विधायक, 168 सभासद, 1740 ग्राम प्रधान, 2027 बीडीसी सदस्य और 83 जिला पंचायत सदस्य मतदान करेंगे। बात अगर 2016 में हुए एमएलसी के चुनाव की करें तो उस समय कुल 6 प्रत्याशी मैदान में थे,
जिसमें बसपा के बैनर से बृजेश सिंह प्रिंशु ने चुनाव जीता था। हालांकि वो अब बसपा में नहीं हैं। लेकिन, चुनाव लड़ने की बात कह रहे हैं। वे चुनाव में 1765 मत पाए थे। जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंदी सपा के लल्लन यादव 978 मत पाए थे। इसके अलावा भाजपा से सतीश सिंह, कांग्रेस से विपिन दुबे के अलावा दो निर्दल प्रत्याशी अपनी जमानत तक नहीं बचा पाए थे












