डी.जे. को लेकर दो बारातों में मारपीट, समझाने गयी पुलिस पर भी पर हमला, पुलिसकर्मी घायल
पुलिस ने दर्जनों लोगों को लिया हिरासत में
डी.जे. करवा रहा है बवाल
संकल्प सवेरा जौनपुर केराकत नगर के मुहल्ला नरहन में बुधवार की रात बारात में मारपीट होने पर समझाने गयी पुलिस टीम पर बारातियों ने हमला कर दिया, जिसमें सात पुलिसकर्मी व दो नागरिक घायल हो गये। इस मामले में पुलिस ने दस नामजद सहित 25 अज्ञात के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन कर रही है।
बुधवार को नगर में दो बारात आयी थी। एक बारात सरायबीरू चौराहे से उठकर नरहन होते हुए काली जी मंदिर जा रही थी तो दूसरी बारात काली जी मंदिर के पास से आ रही थी। नरहन में जब दोनों बारात आमने सामने हुई तो किसी बात को लेकर कहासुनी होने लगी। इसके बाद मारपीट होने लगी। सूचना मिलने पर जब पुलिस समझाने पहुंची तो ईंट पत्थर चलने लगे जिसमें कांस्टेबल आशुतोष मिश्रा, पुष्पेन्द्र वर्मा, जोगेश चौधरी, आशीष राव, जितेन्द्र यादव, मनोज यादव, राजधरम घायल हो गये।
पुलिसकर्मियों के घायल होने की सूचना थाना प्रभारी मयफोर्स पहुंचे और ईंट पत्थर चलाने वाले लगभग एक दर्जन लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर दस नामजद सहित 25 लोगों पर हत्या के प्रयास सहित एक दर्जन धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक छानबीन शुरू कर दिया है।












