मोहम्मद हसन इंटर कालेज के बच्चों ने जाना फाइलेरिया से मुक्ति पाने का तरीका
-एमओआईसी, एडीओ पंचायत तथा यूपीएनआरएलएम अधिकारियों से एमडीए अभियान सफल बनाने की अपील
-22 नवंबर से 07 दिसंबर तक चलेगा एमडीए अभियान, स्वास्थ्यकर्मी घर-घर जाकर फाइलेरिया की दवा खिलाएंगे
संकल्प सवेरा जौनपुर, राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन अभियान के तहत प्रोजेक्ट कंसर्न इंटरनेशनल (पीसीआई) की जिला समन्वयक सरिता मिश्रा ने मोहम्मद हसन इंटर कालेज, करंजाकला प्राथमिक स्वास्थ्य केंंद्र के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी (एमओआईसी), एडीओ पंचायत से सम्पर्क किया तथा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन में अधिकारियों से मुलाकात कर मास ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (एमडीए) अभियान के बारे में जानकारी देकर अभियान सफल बनाने की अपील की।
मोहम्मद हसन इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्य मोहम्मद नासिर ख़ान तथा प्रोजेक्ट कंसर्न इंटरनेशनल (पीसीआई) की जिला समन्वयक सरिता मिश्रा के नेतृत्व में राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया और विद्यार्थियों को फाइलेरिया से मुक्ति पाने के बारे मेंं जानकारी दी गई। बताया गया कि 22 नवंबर से 07 दिसंबर तक फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम चलेगा जिसमें आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता तथा स्वास्थ्यकर्मी घर-घर जाकर अपने सामने लोगों को फाइलेरिया की दवा निशुल्क खिलाएंगे। मोहम्मद हसन इंटर कॉलेज प्रशासन ने छात्र-छात्राओं से अपने मोहल्ले, गांव, पड़ोस, मित्रों आदि से फाइलेरिया के विषय में विस्तार से बताने का आह्वान किया।
फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के तहत ही करंजाकला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर प्रभारी चिकित्साधिकारी (एमओआईसी), ब्लॉक सामुदायिक प्रक्रिया प्रबंधक (बीसीपीएम) तथा पीसीआई ने ड्रग एडमिनिस्ट्रेटर (डीए) को भूमिका निर्वहन करने के संबंध में प्रशिक्षण दिया। समूहों के बीच आपसी संवाद के लिए भी सत्र का आयोजन हुआ जिसके दो बैच को प्रशिक्षित किया गया। सरिता मिश्रा ने करंजाकला के एडीओ पंचायत उमेश सोनकर से भी मिलकर फाइलेरिया से मुक्ति पाने के लिए चलने वाले कार्यक्रम को सफल बनाने का आग्रह किया। उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) की ओर से जारी पत्र को उन्हें दिखाते हुए बताया कि करंजाकला ब्लॉक के 93 ग्राम प्रधानों के साथ 15 नवंबर को बैठक सुनिश्चित की गई है।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन
(यूपीएनआरएलएम) के ब्लॉक मिशन मैनेजर को सोशल मोबलाइजेशन के बारे में प्रशिक्षित किया गया। उन्हें स्वयं सहायता समूह के सदस्यों को 22नवंबर से 07 दिसंबर तक चलने वाले कार्यक्रम के बारे में बताने को कहा गया और उनको सहयोग देने के लिए प्रेरित करने को कहा गया।
जिला तथा ब्लॉक स्तर के सभी अधिकारियों को वाट्सएप ग्रुपों में फाइलेरिया से बचाव के लिए दवा का सेवन करने को कहा गया। मास ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (एमडीए) के दौरान स्वयं सहायता समूह के सदस्य समुदाय को डीईसी तथा एल्बेंडाजोल की दवा का सेवन करने हेतु प्रोत्साहित करने को कहा गया ताकि कोई भी इस दवा से वंचित न रहे।
बताया गया कि स्वयं सहायता समूह के सदस्य अभियान के दौरान समूह की बैठक में फाइलेरिया उन्मूलन के बारे में चर्चा करेंगे। अपने घर के आसपास लोगोंं को फाइलेरिया की दवा खिलवाने के आग्रह करेंगे। इस दौरान उपस्थित लोगों को शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में जिला मिशन मैनेजर (डीएमएम), ब्लॉक मिशन मैनेजर (बीएमएम) सहित 20 लोगों ने शपथ ली।












