तालाब में डूबकर युवक की मौत
ग्रामीणों ने रविवार सुबह दी कोतवाली पुलिस को घटना की सूचना
संकल्प सवेरा मछलीशहर :स्थानीय कोतवाली के सरावां गाँव मे शनिवार देर साँय संदिग्ध परिस्थिति में तालाब में डूबने से एक युवक की मौत हो गई। रविवार सुबह घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस से शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
उक्त गाँव निवासी आशीष कुमार पाल 24 वर्ष पुत्र श्याम लाल पाल अकेला ही गाँव स्थित मकान पर रहता था।
ग्रामीणों के अनुसार शनिवार साँय वह गाँव स्थित एक तालाब की सीढ़ीयों पर बैठा हुआ था। सीढ़ी पर काई लगी होने के कारण वह फिसलकर गहरे पानी मे चला गया। देर साँय किसी ने उसका तालाब में उतराया शव देखकर घटना की जानकारी उसके पट्टीदारों को दी। मृतक के घर पर कोई नही होने के कारण ग्रामीणों ने घटना की जानकारी मड़ियाहूं थाने के गद्दोपुर गाँव निवासी उसके मामा हरिलाल पाल को दी। मामा द्वारा सुबह आने की बात पर ग्रामीणों ने घटना की सूचना कोतवाली पुलिस को भी नही दी।

रविवार सुबह घटना की जानकारी हल्का इंचार्ज धनजंय रॉय को हुई तो वह मौके पर पहुंच शव को कब्जे में ले कर कोतवाली आये। मृतक के मामा हरिलाल के अनुसार आशीष को तैरना नही आता था। जिससे तालाब में डूबने से उसकी मौत हो गई। मामले बाबत प्रभारी निरीक्षक दिनेश प्रकाश पांडेय ने बताया की आशीष की मौत शनिवार को ही देर साँय हो गई थी।
किन्तु ग्रामीणों ने घर के किसी सदस्य के नही होने के कारण डर के मारे घटना की जानकारी पुलिस को नही दी। घटना की जानकारी रविवार सुबह हुई तो शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।












