लखनऊ, संकल्प सवेरा । उत्तर प्रदेश के साथ ही पंजाब तथा उत्तराखंड के विधानसभा चुनाव की तैयारी में लगीं बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती ने शुक्रवार को कांग्रेस पर बड़ा हमला बोला है। उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने लम्बे समय बाद मीडिया को संबोधित किया। इस दौरान उनके निशाने पर अन्य दल भी थे, लेकिन मुख्य निशाने पर कांग्रेस ही थी।
उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि देश में अब कांग्रेस की हालत बेहद खराब है। कांग्रेस तो रैलियों में दिहाड़ी पर लोगों को लाती है। जिस दिन कांग्रेस की रैली होती है, दिहाड़ी में काम करने वाले मजदूर बहुत खुश होते हैं और कहते हैं कि आज हमें काम नहीं करना पड़ेगा। यह कांग्रेस का भीड़ जुटाने का कल्चर है। देश के साथ राज्यों में भी कांग्रेस की बहुत बुरी हालत है
मायावती ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस को जिला पंचायत तथा ब्लाक प्रमुख के चुनाव के साथ विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी नहीं मिलते हैं। अब तो कांग्रेस का कोई जनाधार नहीं बचा है। उन्होंने कहा कि देश में बीएसपी अकेली ऐसी पार्टी है जो कांग्रेस और अन्य पार्टियों की तरह अपने संगठन को चलाने और चुनाव लडऩे के लिए भी बड़े-बड़े पूंजीपतियों और धन्नासेठों से आर्थिक मदद नहीं लेती है। मायावती ने कहा कि इतना ही नहीं कांग्रेस तो धन लेने के एवज में उन्हेंं राज्यसभा आदि में भेजती है।
मायावती ने कांग्रेस की बुकलेट पर भी गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पहले अपना घर ठीक करे। कांग्रेस ने बुकलेट में बसपा का काफी दुष्प्रचार किया है। मायावती ने कहा कि कांग्रेस एक नही दो चार जितनी चाहे बुकलेट जारी करे, कांग्रेस की झूठी बातों में जनता नही आने वाली है। पंजाब में अकाली दल के साथ मिलकर बसपा तो कांग्रेस को बाहर करने के बड़े अभियान में लगी है।
बसपा मुखिया मायावती ने एक बार फिर दोहराया कि उनका उत्तराधिकारी दलित वर्ग से ही होगा। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य खराब होने पर उत्तराधिकारी का ऐलान कर देंगी