विवाहिता की हुई संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पुलिस जांच पड़ताल में जुटी
संकल्प सवेरा सुरेरी । सुरेरी थानाक्षेत्र के परमालपुर ग्रामसभा में संदिग्ध परिस्थितियों में एक विवाहिता की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस जांच में जुटी।
मिली जानकारी के अनुसार थानाक्षेत्र के रोहित सिंह पुत्र केशरी नंदन सिंह की शादी केराकत कोतवाली के टिसोरी गांव के स्व सूर्यनाथ सिंह की पुत्री अल्पना के साथ लगभग दस वर्ष पूर्व हुआ था। दोनो से एक आठ वर्षीय बेटी और छः वर्ष का बेटा है। बीते मई माह में अल्पना अपने पिता की मृत्यु पर दोनो बच्चो के साथ मायके गई हुई थी और दो दिन पहले ही वापस लौटी थी। अल्पना के पति कानपुर में एक होटल में मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं।
बुधवार की रात अल्पना अपने ससुर केसरी नंदन व सास राधिका समेत अपने बच्चों को खाना खिलाने के बाद अपने कमरे में सोने चली गई, बृहस्पतिवार की सुबह काफी देर तक अल्पना को सोकर उठते न देख उसकी सास राधिका अल्पना की खोजबीन शुरू कर दी। अल्पना जब मकान के किसी कमरे में दिखाई नहीं दी तो राधिका खोजते हुए छत पर गई। जहां अल्पना एक चद्दर अपने बदन पर डालकर सोई हुई थी। उसकी सास अल्पना का नाम लेकर कई बार पुकारी और बार-बार हिलोरे मार कर जगाने का प्रयास भी की फिर भी अल्पना के न जगने से घबराई राधिका अपने पड़ोसियों को मौके पर बुलाई जहां उपस्थित लोगों द्वारा अल्पना के मौत होने की बात बताई तो राधिका व उनके पति केसरी नंदन दहाड़े मार कर रोने लगे।

जिसकी सूचना ग्रामीणों द्वारा मृतका के मायके व 112 नम्बर समेत स्थानीय पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस आवश्यक जांच पड़ताल कर शव के पंचनामा करने को मायके पक्ष का इंतजार करने लगे। दोपहर मायके पक्ष के लोगों के पहुंचने पर पुलिस ने शव का पंचनामा कराकर अंत्य परीक्षण के लिए भेज दिया। विवाहिता के ससुराल पक्ष व मायका पक्ष के लोगों के बीच थाना परिसर में घंटों पंचायत चलती रही। मामले में पूछ जाने पर प्रभारी निरिक्षक सुरेरी देवीवर शुक्ला ने बताया की कोई तहरीर नहीं मिली है दोनों पक्षों का आपस में बातचीत चल रहा है, तहरीर मिलने पर मामले में मुकदमा पंजीकृत किया जाएगा।












