सिपाही से मारपीट करने वाले आरोपियों में से एक गिरफ्तार
चार लोगों के खिलाफ मारपीट और सरकारी कामकाज में बाधा उत्पन्न करने की धाराओं में दर्ज हुआ है मुकदमा
संकल्प सवेरा,केराकत। जौनपुर कोतवाली के सिपाही से अभद्रता और मारपीट के आरोपियों में से एक अभिमन्यू चौहान उर्फ निराला को कोतवाली पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक उसे नाऊपुर तिराहे से गिरफ्तार किया गया।
कोबरा मोबाइल ड्यूटी में तैनात कोतवाली थाना के हेड कांस्टेबल शिवकुमार सिंह कस्बा क्षेत्र के सिहौली चौराहे पर गश्त कर रहे थे। तभी एक चाय पान वाले दुकानदार से दुकान बन्द करने को लेकर उनकी झड़प हो गई थी।
जिसमें पहले कांस्टेबल ने दुकानदार को एक थप्पड़ मार दिया। बाद में दुकानदार और उसके परिजनों ने भी कांस्टेबल की मौके पर ही पिटाई कर दी। जिससे कांस्टेबल की वर्दी फट गई और उसे गंभीर चोटें भी आईं।
मामले में पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मारपीट और सरकारी काम में बाधा उत्पन्न करने आदि धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। जिसमें से एक आरोपी 34 वर्षीय अभिमन्यू उर्फ निराला को पुलिस ने पकड़ लिया है। अभिमन्यु इसी थाना क्षेत्र के सिहौली गांव का रहने वाला है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।












