गौराबादशाहपुर (जौनपुर): ग्राम पंचायत रायपुर का लगातार छठवीं बार प्रधान निर्वाचित होकर हीरालाल यादव और उनकी पत्नी ने विकास खंड धर्मापुर में नया इतिहास रच दिया है। वर्ष 1995 में हीरालाल यादव पहली बार मैदान में उतरे और प्रतिद्वंद्वियों को शिकस्त देकर शानदार जीत दर्ज की। अपने कार्य व व्यवहार से ग्रामीणों का दिल जीत लिया। वर्ष 2000 में लगातार दूसरी जीत हासिल की। वर्ष 2005 में प्रधान पद महिला के लिए आरक्षित हुआ तो अपनी पत्नी रेखा देवी को चुनाव लड़ा दिया। उन्हें भी गांव वालों ने अपना मुखिया चुन लिया। इसके बाद वर्ष 2010, वर्ष 2015 और अबकी चुनाव में फिर जीत दर्ज कर हीरालाल ने हैट्रिक लगा दी। उन्होंने कुमकुम देवी को रोचक मुकाबले में शिकस्त दी।