जौनपुर,संकल्प सवेरा। पंंचायत चुनाव के लिए गुरुवार की सुबह सात बजे से मतदान शुरू तो हुआ लेकिन सुबह मतदाताओं की रफ्तार काफी सुस्त रही। माना जा रहा है कि नवरात्र और रोजे की वजह से सुबह लोग पारिवारिक कार्य में व्यस्त रहे। हालांकि सुबह आठ बजे के बाद भीड़ बढ़ने लगी और नौ बजे के बाद कई जगह मतदाताओं की लंबी कतार भी नजर आई। कई केंद्रों पर शारीरिक दूरी का भी पालन नहीं होने की तस्वीरें भी सामने आई हैं। दिन चढ़ने के साथ ही मतदाताओं का भी उत्साह नजर आने लगा। त्रिस्तरीय (पंचायत) सामान्य निर्वाचन 2021 में सुबह नौ बजे 11 फीसद तक मतदान हो चुका था।
11 बजे तक 22.70 फीसद मतदान
प्रथम चरण में जौनपुर में हो रहे त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में सुबह से ही मतदाताओं की कतार बूथों पर लगी हुई है। सुबह 11 बजे तक 22.70 फीसद मतदान हुआ। इस दौरान बदलापुर के रूपचंद्रपुर के बूथ संख्या 222 पर जहां फर्जी मतदान को लेकर ईंट-पत्थर चले वहीं बक्सा के सड़ेंरी गांव के चार बूथों पर जिला पंचायत सदस्य पद के तीन प्रत्याशियों का नाम मतपत्र से गायब होने पर लगभग दो घंटे तक मतदान बाधित रहा। अधिकारियों के पहुंचकर समझाने व चूक स्वीकारने तथा चुनाव आयोग को पत्र लिखने के आश्वासन के बाद मतदान शुरू हुआ।












