शादी की बंदिश से क्षुब्ध प्रेमिका ने मौत को लगाया गले
प्रेमी जिन्दगी मौत से कर रहा है संघर्ष
काफ़ी दिनों से दोनों में चल रहा था प्रेम प्रसंग
खेतासराय,संकल्प सवेरा। जौनपुर मुहब्बत में प्यार की इबारत लिख रहे एक जोड़े को परिजनों द्वारा शादी की बंदिश लगाने पर आहत प्रेमी युगल ने सोमवार को जहर ख़ाकर जीवन को अलविदा कहने की तैयारी कर ली।
हालांकि प्रेमी अभी जिंदगी मौत से संघर्ष कर रहा है, जबकि प्रेमिका की मौके पर मौत हो गयी। मामला खेतासराय थाना क्षेत्र के गुरैनी गांव का है । इस घटना से पूरे गांव में मातम छाया हुआ है, इस जोड़े की आत्मघाती कदम से परिजनों में कोहराम मच गया।
बताया जाता है कि उक्त गांव के अनुसूचित बस्ती के अंकित कुमार 20 वर्ष का गांव निवासी एक युवती से काफ़ी दिनों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों की प्रेम कहानी से परिजन भी वाकिफ़ हो गए।शादी के लिए दोनों घर से भाग भी गए लेकिन परिजनों की काफी खोजबीन के बाद वह मिल गए। लेकिन शादी न होने से आहत इस जोड़े ने आत्मघाती कदम उठा लिया।
सोमवार की शाम जहर ख़ाकर जान देने का प्रयास किया तो पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। परिवार वाले उपचार के लिए दोनों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सोंधी अस्पताल ले गये। जहाँ चिकित्सकों ने प्रेमिका को मृत घोषित कर दिया, जबकि प्रेमी अंकित की हालत नाजुक होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
वह जिंदगी और मौत से संघर्ष कर रहा है।
उधर इस हादसे की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में मातम पसर गया। परिजन भी अब रो रो कर घटना को बयां कर रहे हैं।












