मुंगराबादशाहपुर,संकल्प सवेरा जौनपुर। पंचायत चुनाव को देखते हुए विकास खण्ड मुख्यालय पर अदेय प्रमाण पत्र के लिए अल सुबह से ही सैकड़ों लोग जमा हो गये। किंतु दिन में एक बजे तक ब्लॉक आफिस मे ताला बंद रहने से नाराज लोगो ने हंगामा कर दिया। इस दौरान ब्लाक कर्मियों के विरुद्ध नारेबाजी भी की। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे एसडीएम अंजनी सिंह ने किसी तरह लोगो को समझा बुझाकर मामले को शांत कराया।
बताते है कि गुरूवार को सुबह क़रीब साढ़े 8 बजे से ही पंचायत चुनाव लड़ने वाले लोगो की भीड़ अदेय प्रमाण पत्र के लिए खण्ड विकास मुख्यालय पर एकत्रित हो गई। इस दौरान लोगो की लम्बी लाइने लग गई। किंतु दिन में एक बजे तक ब्लाक आफिस का ताला न खुलने व लोगो का कोई कार्य न होने पर लोग नाराज हो गए और हंगामा शुरू हो गया ।
बडी संख्या में लोगो ने नारेबाजी शुरू कर दी।हालात बेकाबू होते देख किसी ने ऊपर के लोगो को जानकारी दी । उसके कुछ देर बाद एसडीएम अंजनी सिंह ब्लाक मुख्यालय मुंगरा पहुंचकर लोगो को शांत कराकर अदेय प्रमाण पत्र के लिए कई काउंटर खुलवाया तब लोग शांत हुए।
हंगामे के समय एक युवक बेहोश भी हो गया। जिससे ब्लाक मुख्यालय पर अफरातफरी मच गई ।इस संबंध में मुंगरा बादशाहपुर के खण्ड विकास अधिकारी पीयूष कुमार सिंह से बात करने की कोशिश की गई लेकिन मोबाइल नॉट रिचेबल मिला।












