अज्ञात लोग टोलप्लाजा कुंवरपुर पर आकर मारपीट व तोड़फोड़ किये , केस दर्ज।
मुंगराबादशाहपुर, जौनपुर। पवांरा थानाक्षेत्र के अन्तर्गत कुंवरपुर टोलप्लाजा पर 13 फरवरी दिन शुक्रवार की शाम लगभग सात बजकर पैंतालिस मिनट पर प्रतापगढ़ की ओर से बोलेरो पिकअप गाड़ी (यू.पी.62 ए.टी.9511) में सवार दस-पन्द्रह लोग आये । टोल कर्मचारियों द्वारा उनको फासटैग के संबंध में जानकारी दी गयी कि भारत सरकार के आदेशानुसार फासटैग सुविधा अपनाइये लेकिन उन लोगों ने लगवाने से मना कर दिये और टोलकर्मचारियों से बहसबाजी व गाली-गलौज करने लगे । थोड़ी देर बाद कर्मचारियों से मारपीट व टोलप्लाजा लूट लेने की धमकी दिये । थोड़ी देर बाद अन्दर एक्सयूवी कार से सात से आठ लोग आये और गाली-गलौज करते हुए टोलप्लाजा को फूंक देने की धमकी दिये व ईंट-पत्थर चलाते हुए टोल बिल्डिंग में घुस गये और टोलप्लाजा के एकाउन्टैन्ट के साथ मारपीट किये व चार लाख रुपये की क्षति पहुंचाये ।
अज्ञात लोगों ने कर्मचारी विनीत सिंह पुत्र महातम सिंह , शिवम शुक्ला पुत्र गिरीशचन्द्र शुक्ला , नीतिश यादव पुत्र मुन्नीलाल यादव के साथ ईंट- पत्थर से मारपीट कर घायल कर दिये व कर्मचारी विनीत सिंह पुत्र महातम सिंह को छत से नीचे फेंक दिये जिससे वह गंभीर रुप से घायल हो गये । पीएनसी की एम्बुलेन्स द्वारा घायल विनीत सिंह को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मछलीशहर भेजवाया गया ,जहां चिकित्साधिकारी ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत देखते हुए बेहतर इलाज हेतु जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया और बाकी का टोल के चिकित्सक द्वारा प्राथमिक उपचार हुआ । लोगों द्वारा पता चला कि दूसरे पक्ष को भी चोटें आयी हैं । पुलिस ने टोल मैनेजर घनश्याम मिश्रा पुत्र कृष्णमोहन मिश्रा की तहरीर के आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मु.अ.सं.22/2021 धारा 147 , 323 , 336 , 427 , 452 , 504 , 506 आईपीसी एक्ट के तहत मुकदमा दर्जकर आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुट गयी है ।












