पोलियो की अतिरिक्त खुराक पिलाकर जिलाधिकारी ने बूथ का उद्घाटन किया
पांच वर्ष के दो लाख 23 हजार 616 बच्चों को पिलाई गई गई पोलियो की खुराक
जौनपुर, 31/01/2021
जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने जिला महिला चिकित्सालय में बने पोलियो बूथ पर पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की अतिरिक्त खुराक पिलाकर पोलियो बूथ का उद्घाटन किया। पोलियो अभियान के बूथ दिवस के दिन पांच वर्ष तक के दो लाख 23 हजार 616 बच्चों को पोलियो की अतिरिक्त खुराक दी गई।
जिलाधिकारी ने बताया कि आज से नौ फरवरी तक केंद्र और प्रदेश सरकार की ओर से सघन पल्स पोलियो प्रतिरक्षण अभियान चलाने का निर्णय लिया गया है।
इसके तहत पांच वर्ष तक के 06 लाख 69 हजार 450 बच्चों को पोलियो की अतिरिक्त खुराक पिलाने का लक्ष्य है। यह अभियान 01 फरवरी से प्रातः 09 बजे से शाम चार बजे तक चलेगा। इसके लिए जिले में 1924 बूथ बनाए गए हैं और 5772 बूथ वैक्सीनेटर लगाए गए हैं। छूटे हुए बच्चों को 01 फरवरी से 08 फरवरी के बीच (04 और 05 फरवरी को कोविड वैक्सीनेशन की वजह से नहीं चलेगा) 1230 टीमें सात लाख 24 हजार 559 घरों के पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की अतिरिक्त खुराक पिलाएंगी।
उद्घाटन के मौके मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राकेश कुमार ने लोगों से अपील की कि लोग पोलियो बूथों पर अधिक से अधिक संख्या में पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएं। छूटे हुए बच्चों को 01 से 08 फरवरी तक (कोविड वैक्सीनेशन की वजह से 04 और 05 फरवरी को छोड़कर) घर-घर जाकर बच्चों को दवा पिलाने के लिए चलाए जा रहे अभियान में टीम के लोगों को सहयोग दें। इस मौके पर जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. नरेन्द्र सिंह, एसीएमओ डॉ. सत्य नारायण हरिश्चंद्र, डॉ. आईएन तिवारी, डॉ. संदीप सिंह (जिला महिला चिकित्सालय के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक का प्रभार), विश्व स्वास्थ्य संगठन के एसएमओ डॉ. अभिजीत जोश, यूनीसेफ की डीएमसी गुरदीप, डीपीसी सलिल यादव, राज बहादुर सिंह आदि मौजूद रहे।












