जौनपुर में मौसम का कहर जारी है। सर्द हवाओं के साथ ही कोहरे की चादर से आसमान ढंका रहा। सुबह नौ बजे तक धरती पर उतरने को संघर्ष करतीं रहीं सूरज की किरणें। अधिकतम व न्यूनतम तापमान में कमी व सर्द हवाओं के कारण गलन बरकरार है। 
कोहरे का घनत्व काफी अधिक होने दृश्यता न होने के कारण आवागमन में खासी परेशानी हुई। अधिकतम तापमान 22डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम 9 डिग्री सेल्सियस रहा। कृषि विज्ञान केन्द्र बक्शा के मौसम वैज्ञानिक डा. पंकज जायसवाल ने बताया कि सोमवार की सुबह 8 बजे तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा पश्चिमोत्तर से 6 किमी / घंटा की रफ्तार से चल रही हैं। इसके सापेक्ष आर्द्रता 86 फीसद रही। 
इसके साथ ही 10:00 बजे 16डिग्री सेल्सियस, 12:00 बजे 18डिग्री और 4 बजे तक 20 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच जाएगा। शाम पांच बजे के बाद सूरज की किरणों के मद्धिम पड़ने के साथ ही पारे के गिरने का क्रम शुरू हो जाएगा। रात 12 बजे पुनः 12डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इसके बाद पारा पुनः गिरने लगेगा।












