जौनपुर। अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन ब्रज भूषण ने कहा कि पूर्वांचल के कुख्यात इनामी अपराधियों की पुलिस ने कुंडली तैयार कर ली है। एक लाख और 50 हजार के इनामी अपराधियों, शूटरों व उनके शरणदाताओं को पुलिस ने अपने रडार पर ले लिया है।
प्रदेश की एसटीएफ और वाराणसी आजमगढ़ मंडल की स्पेशल टास्क फोर्स पुलिस टीम इनके खिलाफ बहुत जल्द सख्त कार्रवाई शुरू करने जा रही है। वह सोमवार को जौनपुर पुलिस लाइन के वार्षिक निरीक्षण के दौरान मौजूद पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे ।
उन्होंने कहा कि अपराधी कितना बड़ा, कितना ही कुख्यात हो, उसके खिलाफ कार्रवाई शुरू हो गई है। साथ ही उसके शरण दाताओं और अपराध जगत से उसके द्वारा जुटाई गई अकूत संपत्तियों को भी ध्वस्त करने की कार्रवाई बड़े पैमाने पर शुरू हो गई है। पूर्वांचल में नामचीन इनामी अपराधियों को भी चिन्हित कर करवाई की जा रही है।
अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन बृजभूषण मीणा ने इसके पहले पुलिस लाईन में क्वार्टर गार्ड की सलामी ली। इसके बाद सलामी गार्द रुम, शस्त्रागार, जीपी स्टोर, आरटीसी बैरक, मेस, परिवहन शाखा, जिमने जियम हाल पुलिस कर्मियों के आवासीय परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्था को और मुकम्मल चाक-चौबंद करने का निर्देश दिया । बाद में उन्होंने पुलिस लाइन में पौधरोपण कर लोगों को पौधरोपण के प्रति जागरूक किया।












