नई दिल्ली. उत्तर भारत में शीतलहर के चलते ठंड भी बढ़ गई है. भारत मौसम विभाग (IMD)के अनुसार मध्य प्रदेश, यूपी, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली में शीतलहर चल रही है. आज तापमान 2 डिग्री तक जा सकता है. मौसम विभाग ने कहा है कि इन राज्यों में कोहरे की भी आशंका है. इसके साथ ही मौसम विभाग ने पूर्वोत्तर के असम, मेघालय, नगालैंड, मिजोरम, त्रिपुरा और मणिपुर में भी कोहरे की आशंका जाहिर की है. वहीं, राजस्थान में पारा माइनस में चला गया है. जबकि शिमला में तापमान फ्रीजिंग पॉइंट से नीचे चला गया है. हरियाणा का नारनौल शिमला से भी ठंडा है.
विभाग के अनुसार शुक्रवार को तमिलनाडु, पुड्डुचेरी, केरल और अंडमान निकोबार द्वीप समूह के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है. देश के उत्तरी क्षेत्र में गुरुवार को प्रचंड शीत लहर जारी रही जहां ठंड लगातार बढ़ रही है. दिल्ली में इस मौसम का सबसे कम अधिकतम तापमान दर्ज किया गया.
राष्ट्रीय राजधानी में गुरुवार ‘ठंडा दिन’
राष्ट्रीय राजधानी में गुरुवार ‘ठंडा दिन’ रहा जहां अधिकतम तापमान सामान्य से सात डिग्री नीचे 15.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और यह इस मौसम का अब तक का सबसे कम तापमान है. ‘ठंडा दिन’ उसे कहते हैं जब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम होता है और अधिकतम तापमान सामान्य से 4.4 डिग्री सेल्सियस कम होता है.
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के क्षेत्रीय पूर्वानुमान केन्द्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण पश्चिमी हिमालय में भारी बर्फबारी हुई और अब शीत लहर के मैदानी इलाकों की ओर बढ़ने की वजह से तापमान में गिरावट आ रही है.
शहर की वायु गुणवत्ता ‘खराब’
आईएमडी मैदानी इलाकों के लिए शीत लहर की घोषणा तब करता है जब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस या इससे नीचे हो और लगातार दो दिन तक सामान्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस कम हो. उन्होंने कहा,’दिल्ली जैसे छोटे इलाके के लिए शीतलहर की घोषण तब भी की जा सकती है जब उक्त स्थितियां एक दिन के लिए भी बन जाएं.’ शहर की वायु गुणवत्ता ‘खराब’ श्रेणी में दर्ज की गई.
हिमाचल प्रदेश में केलांग, मनाली और कल्पा में पिछले 24 घंटों में तापमान शून्य से नीचे दर्ज किए जाने के साथ शीत लहर की स्थिति बनी रही. मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि पहाड़ी राज्य में मौसम शुष्क बना हुआ है, लेकिन न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री तक की कमी आई है.
मौसम विभाग के शिमला केंद्र के निदेशक मनमोहन सिंह ने कहा कि लाहौल-स्पीति का प्रशासनिक केंद्र केलांग शून्य से 8 डिग्री सेल्सियस कम तापमान के साथ राज्य का सबसे ठंडा स्थान बना रहा. पंजाब और हरियाणा में शीतलहर का प्रकोप शुरु हो गया है और गुरुवार को पारा सामान्य से नीचे चला गया.
हलवाड़ा में छह डिग्री और बठिंडा में पांच डिग्री सेल्सियस दर्ज
वहीं, पंजाब में अमृतसर में न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री जबकि लुधियाना में 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. पटियाला में न्यूनतम तापमान 5.8, आदमपुर में 6.6 डिग्री, हलवाड़ा में छह डिग्री और बठिंडा में पांच डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
मौसम विभाग के अधिकारियों के अनुसार करनाल, हिसार, अमृतसर, लुधियाना और पटियाला जैसे कुछ स्थानों पर सुबह कोहरे से दृश्यता कम हो गई. उन्होंने कहा कि अगले दो दिनों के दौरान दोनों राज्यों के अधिकांश हिस्सों में ठंड ज्यादा पड़ेगी. कश्मीर में न्यूनतम तापमान शून्य से और नीचे चला गया तथा आसमान साफ रहा. मौसम विज्ञान विभाग के अधिकारियों ने कहा कि बीती रात, श्रीनगर में इस मौसम में अब तक की सबसे सर्द रात रही.
कोकेरनाग में शून्य से 4.8 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज
गुलमर्ग में तापमान शून्य से 11 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया जो कि सामान्य से छह डिग्री कम था. संघशासित प्रदेश में गुलमर्ग सबसे ठंडा स्थान रहा.अधिकारियों ने कहा कि पहलगाम में तापमान शून्य से 8.9 डिग्री सेल्सियस कम रहा. उन्होंने कहा कि काजीगुंड में तापमान शून्य से 4.9 डिग्री नीचे, कुपवाड़ा में शून्य से 5.8 डिग्री सेल्सियस कम और कोकेरनाग में शून्य से 4.8 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया.
मौसम विभाग की ओर से कहा गया कि जम्मू कश्मीर में इस महीने के अंत तक बहुत अधिक बर्फबारी की उम्मीद नहीं है और 21-22 दिसंबर को कश्मीर के कुछ स्थानों पर हल्की बर्फबारी हो सकती है. उत्तर प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश हुई जबकि शेष स्थानों पर मौसम आमतौर पर शुष्क रहा.मौसम विभाग ने गुरुवार को एक बयान में बताया कि उत्तर प्रदेश में सर्वाधिक 24.6 डिग्री सेल्सियस तापमान गोरखपुर में जबकि सबसे कम तापमान बरेली में 3.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. विभाग ने मौसम शुष्क रहने और कुछ स्थानों पर कोहरा छाये रहने का अनुमान जताया है.
चौबीस घंटे में कहीं-कहीं शीतलहर चलने का पूर्वानुमान
राजस्थान के पयर्टन स्थल माउंट आबू में पारा बुधवार रात एक बार फिर जमाव बिंदु से नीचे चला गया. माउंट आबू में न्यूनतम तापमान शून्य से 1.0 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया. वहीं, गुरुवार सुबह राज्य के अनेक इलाकों में घना कोहरा छाया रहा और लोग सर्दी से बचने के लिए अलाव तापते नजर आए.












