आजमगढ़ के युवक की स्कूटी समेत केराकत के नहर में गिरने से मौत
पशु काटने का काम करता था युवक, इसी काम के लिए आ रहा था मुरकी गांव
केराकत। जौनपुर
आजमगढ़ जिले की सीमा पर स्थित कोतवाली थाना क्षेत्र के जगदीश की मड़ई स्थान के पास नहर में गिरने से देवगांव थाना क्षेत्र के एक युवक की मौत हो गई। सरकी पुलिस ने शव को निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
आजमगढ़ जिले के देवगांव थाना क्षेत्र के बैरी डीह गांव निवासी 35 वर्षीय ताहिर पशु काटने का काम करता था। जानकारी के मुताबिक वह रात को इसी काम के लिए स्कूटी से केराकत थाना क्षेत्र के मुरकी गांव आ रहा था।
जिले की सीमा पर स्थित जगदीश की मड़ई के पास पहुंचते ही अनियंत्रित होकर स्कूटी समेत नहर में गिर गया।
सबेरे लोगों ने नहर में शव देखा तो पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची सरकी पुलिस ने शव को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सरकी चौकी इंचार्ज राजनरायन चौरसिया ने बताया कि उसके नाक से खून निकल रहा था। कान में ईयर फोन लगा था। स्कूटी बिना नंबर की थी। उसके परिजनों को सूचना दे दी गई है।












