जौनपुर। मल्हनी उपचुनाव के लिए नामांकन नौ अक्तूबर से शुरू होगा। इसके लिए प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है। सदर एसडीएम कोर्ट में नामांकन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके लिए बैरिकेडिंग का कार्य शुरू हो गया है। पूरे परिसर में बैरियर लगाकर घेरेबंदी की जा रही है, ताकि बिना अनुमति वाले लोग नामांकन स्थल न पहुंच सके। नामांकन प्रक्रिया में कोविड-19 के बचाव मानकों का सख्ती से पालन कराया जाएगा। सिर्फ दो लोग ही नामांकन कक्ष में प्रवेश पा सकेंगे।
इससे पहले भी उनकी थर्मल स्क्रीनिंग व सैनिटाइज किया जाएगा। मल्हनी उपचुनाव के लिए मतदान तीन नवंबर को होना है। इसके लिए नामांकन की प्रक्रिया नौ से 16 अक्तूबर तक चलेगी। चुनाव को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन जोर-शोर से तैयारी में जुटा है। उपचुनाव के लिए सदर एसडीएम को रिटर्निंग अफसर बनाया गया है। लिहाजा नामांकन की प्रक्रिया भी उनके कोर्ट परिसर में पूरी की जाएगी। www.sankalpsavera.com
कलेक्ट्रेट मुख्य गेट से एसडीएम सदर के कोर्ट तक बैरिकेडिंग किया जा रहा है, जिससे नामांकन कक्ष में केवल प्रत्याशी सहित दो अन्य व्यक्ति ही पहुंच सके। शेष लोगों को कलेक्ट्रेट के मुख्य गेट पर ही रोका जा सके।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी रामप्रकाश ने बताया कि नामांकन सकुशल कराने के लिए बैरिकेडिंग करने का कार्य शुरू हो गया है। नामांकन स्थल पर भीड़ एकत्रित नहीं होने दिया जाएगा। कोविड-19 के दिशा निर्देशों को पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इस बार ऑनलाइन नामांकन की सुविधा भी शुरू की गई है।












