गभिरन ( जौनपुर) 1 सितंबर फिरोजपुर गांव में बीते 23 अगस्त को भूमि विवाद में दो पक्षो के बीच हुए खूनी संघर्ष में दो सगे भाई सहित तीन की मौत के मामले में पुलिस ने सोमवार की शाम एक और आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इसके पूर्व दोनों पक्षों से चौदह आरोपितो को पुलिस जेल भेज चुकी है।
उक्त गाँव में भूमि विवाद को लेकर रामचंदर पासवान और पड़ोसी रामखेलावन के बीच जमकर मारपीट हो गई थी। जिसमें एक पक्ष से दो सगे भाई राम चंदर और बैजनाथ तथा दूसरे पक्ष के राम खेलावन की मौत हो गई। मृतक रामखेलावन के पुत्र निन्हू की तहरीर पर नौ आरोपितो के खिलाफ तथा दूसरे पक्ष के मृतक रामचंदर के पुत्र मुकेश की तहरीर पर दस आरोपितो के खिलाफ समान धारा, हत्या, बलवा, तोड़फोड़, जानसे मारने की धमकी सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया था।
घटना में चौदह आरोपितो को पुलिस जेल भेज चुकी है। पंद्रहवें आरोपित जियालाल पासवान को सोमवार की शाम एसएसआई अंगद तिवारी ने हमराहियो संग दबिश देकर उसे घर पर सोते समय गिरफ्तार कर लिया।












