डीएसओ के छापेमारी में 277 अवैध गैस सिलेंडर बरामद
संकल्प सवेरा, जौनपुर। त्रिलोचन महादेव इंडेन गैस एजेंसी का डिलेवरी मैन हरीपुर गांव में गोदाम बनाकर अवैध रूप से गैस सिलेंडर की कर रहा था बिक्री
जलालपुर के हरीपुर गांव में शुक्रवार को जिलापूर्ति अधिकारी की पांच सदस्यीय टीम ने छापा मारकर इंडेन, भारत, एचपी का भरा हुआ एवं खाली 277 गैस सिलेंडर बरामद किया। और अवैध रूप से गैस सिलेंडर की बिक्री करने वाले अजय दुबे निवासी हरीपुर के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम 3/7 के तहत कार्यवाई करने में जुट गई है। जिलापूर्ति अधिकारी संतोष विक्रम शाही ने बताया कि सूचना मिल रही थी की एक व्यक्ति अवैध रूप से गैस सिलेंडर का भंडारण कर बिक्री किया जा रहा है।
सूचना सही है इसकी पुष्टि हो जाने पर सुबह 8 बजे पूर्ति निरीक्षक राकेश यादव, आशुतोष त्रिपाठी, रत्नेश श्रीवास्तव, अशोक सिंह और पुलिस को बुलाकर छापेमारी करने पहुंचे तो आरोपी अपने आफिस में बैठा हुआ मिला। उससे आफिस के बगल के दो कमरों को खुलवाया गया तो भारी संख्या में इंडेन,भारत,एचपी कम्पनी का भरा हुआ एवं खाली गैस सिलेंडर बरामद हुआ।
जिसे कब्जे में लेकर प्रसाद गैस एजेंसी पराउगंज के प्रोपराइटर प्यारेलाल सरोज के सुपुर्द कर दिया गया है। आरोपी अजय दुबे कब से अवैध रूप से गैस सिलेंडर का भंडारण कर बिक्री कर रहा था और इसे कहा से तीनो कंपनियों का गैस सिलेंडर प्राप्त हो रहा था यह मुख्य जांच का विषय है।
उन्होंने कहा की गैस सिलेंडर का भंडारण करना और बिक्री करना दोनो अवैध है। जिसकी गहनता से जांच की जाएगी। आरोपी के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत 3/7 की कार्यवाई की जा रही है। छापेमारी के दौरान पराउगंज चौकी पुलिस मौजूद रही।














